NTTF-2026 की तैयारियों को लेकर गांधी विद्यापीठ वेडछी में आदिवासी क्रिएटर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
संपूर्ण क्रांति मीडिया : तापी | वेडछी
तापी जिले के वालोड तहसील स्थित गांधी विद्यापीठ, वेडछी में आगामी 24 से 27 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले नेशनल ट्राइबल ट्रेड फेयर-2026 (NTTF-2026) की तैयारियों को लेकर आज आदिवासी क्रिएटर मीट अप का आयोजन किया गया।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा क्रिएटर्स ने सहभागिता की और आदिवासी समाज की कला, संस्कृति, परंपरा, प्रतिभा एवं उद्यमिता को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आदिवासी युवाओं को Media Creator, Graphic Designer, Photographer, Videographer, Animator, Vlogger, Blogger और Content Creation Enthusiast के रूप में अपनी रचनात्मक पहचान स्थापित करने के लिए एक साझा मंच तैयार करना रहा। इस अवसर पर यह विचार प्रमुखता से सामने आया कि—
“जो कहानियां सुदूर ग्रामीण और जंगल की मिट्टी में जन्मी हैं, अब वही कहानियां डिजिटल दुनिया में गूंजेंगी।”
आदिवासी युवाओं के लिए यह पहल केवल डिजिटल कंटेंट निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति, कला, परंपरा और स्थानीय प्रतिभा को अपनी पहचान के साथ दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास है।
बैठक में युवाओं के लिए एक सार्थक संदेश भी सामने आया—
“मूल जड़ें आदिवासी… विचार वैश्विक… और सृजन अपनी पहचान का।”
NTTF-2026 के माध्यम से आदिवासी युवाओं को अपना मंच, अपनी कहानी और अपनी रचनात्मक पहचान विकसित करने का अवसर मिले, इसके लिए इस प्रारंभिक बैठक को महत्वपूर्ण कदम माना गया।
इस अवसर पर NTTF-2026 के अध्यक्ष यज्ञेशभाई के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उपस्थित क्रिएटर्स ने आभार व्यक्त किया।
आयोजकों का मानना है कि आने वाले समय में आदिवासी क्षेत्र के युवा केवल अपनी कहानियों के दर्शक नहीं, बल्कि अपनी कहानी के निर्माता और अपनी पहचान के डिजिटल प्रतिनिधि बनेंगे।